राज्य
01-Jun-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पूरे मामले की जांच के लिए संभागीय कमिश्नर को निर्देशित किया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। राजधानी रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू ने भी इसी मंच से विवाह कर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां सामान्य रूप से की गई थीं और विवाह समारोह के लिए टेंट एवं पंडाल की व्यवस्था भी की गई थी। लेकिन अचानक मौसम में बदलाव आने और तेज आंधी-बारिश की स्थिति बनने से कार्यक्रम की व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। इसके चलते टेंट और पंडाल अस्त-व्यस्त हो गए, जिससे आयोजन में व्यवधान उत्पन्न हुआ। उन्होंने बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पुराने विश्राम गृह का विकल्प मौजूद था। इसी दौरान महेश्वरी समाज भवन में कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी सामने आया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस संबंध में जिला प्रशासन ने उनसे चर्चा की थी और बाद में उपलब्ध परिस्थितियों को देखते हुए विश्राम गृह में कार्यक्रम संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि व्यवस्थाओं में कहीं कोई कमी रही या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी नाराजगी जताई थी। आयोजन के दौरान सामने आई व्यवस्थागत कमियों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में नायब तहसीलदार और विधायक समर्थकों के बीच हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों की हड़ताल को लेकर सरकार लगातार संवाद कर रही है। संबंधित पक्षों से चर्चा चल रही है और जल्द ही समाधान निकलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बातचीत के माध्यम से स्थिति सामान्य होगी और प्रभावित प्रशासनिक कार्यों को जल्द सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। सरकार का प्रयास है कि किसी भी विवाद का समाधान संवाद और समन्वय के जरिए निकाला जाए, ताकि आम जनता को असुविधा का सामना न करना पड़े। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01 जून 2026