राज्य
01-Jun-2026
...


- अस्पताल में भर्ती, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप - जमीन विवाद के समाधान में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रदर्शन कर रही तीन महिलाओं में से दो ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, महिलाएं खुर्दा जिले के बनपुर क्षेत्र में चल रहे जमीन विवाद के समाधान में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं। यह प्रदर्शन भुवनेश्वर के लोअर पीएमजी स्थित निर्धारित प्रदर्शन स्थल के पास किया जा रहा था। भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने बताया कि तीनों महिलाएं जमीन विवाद के निपटारे की मांग को लेकर धरने पर बैठी थीं। मामले को सुलझाने के लिए बनपुर क्षेत्र से पुलिस अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया था, ताकि महिलाओं को उनके इलाके में ले जाकर विवाद का समाधान कराया जा सके। डीसीपी के मुताबिक, बनपुर रवाना होने से पहले तीनों महिलाएं पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में गईं। इसी दौरान उनमें से दो महिलाओं ने कथित रूप से जहर खा लिया। कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को पोटाश पानी देकर उल्टी करवाई गई, जिससे उनके शरीर से जहरीला पदार्थ बाहर निकाला जा सका। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार दोनों महिलाएं अब खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन का कहना है कि जमीन विवाद से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। - ईएमएस 01 जून 2026