क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- महाराज की नई भाजपा में सिर्फ नौटंकी, घुटन महसूस कर रहे कार्यकर्ता जयवर्धन सिंह ने भी किया पन्नालाल शाक्य के बयान का समर्थन गुना (ईएमएस)। गुना विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य द्वारा बिजली कटौती को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद अब मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मामले में अब चाचौड़ा की पूर्व भाजपा विधायक और वर्तमान आम आदमी पार्टी (AAP) नेता ममता मीना भी पन्नालाल शाक्य के समर्थन में खुलकर मैदान में उतर आई हैं। ममता मीना ने भाजपा में चल रहे अंतर्विरोध पर तीखा हमला बोलते हुए नई भाजपा बनाम पुरानी भाजपा की बहस को हवा दे दी है। इसके पूर्व कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह ने भी विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान का समर्थन करते हुए कहा की पन्नालाल जी बिल्कुल सही कह रहे हैं। ऊर्जा मंत्री को जो काम करना चाहिए, वो नहीं करते। वो नौटंकी करते हैं। उनका काम नागरिकों को पर्याप्त बिजली मिले, लेकिन नहीं मिल रही है। आम नागरिक परेशान हो रहे हैं। इधर देर रात विधायक पन्नालाल शाक्य के परिजनों ने फेसबुक पर टिप्पड़ी की कि हमारे टुकड़ों पर पला आदमी आज हमारा ही विरोध कर रहा है? हालांकि यह पोस्ट बाद हटा दी गई | ​पन्नालाल जी ने उठाई जनता की आवाज, चाचौड़ा में भी बिजली से हाहाकार ​पूर्व विधायक ममता मीना ने गुना विधायक का समर्थन करते हुए कहा, पन्नालाल जी कोई नए विधायक नहीं हैं, वे संगठन के बहुत पुराने और जमीन से जुड़े नेता हैं। उन्होंने जो आवाज उठाई है, वह किसानों, छात्रों और व्यापारियों के हित की बात है। चाचौड़ा के हालातों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में रात के 10 बजे लाइट जाती है और सुबह 2 बजे आती है। मेंटेनेंस के नाम पर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक बिजली काट दी जाती है। एक पत्ता भी हिलता है तो बिजली गुल हो जाती है। ऐसी स्थिति में जनता त्रस्त है और पन्नालाल जी ने सड़कों पर उतरकर अधिकारियों से बात कर जनता की आवाज को बुलंदी से उठाया है। - ​ऊर्जा मंत्री की नौटंकी और प्रभारी मंत्री के व्यवहार पर उठाए सवाल ​ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पर निशाना साधते हुए ममता मीना ने कहा, विधायक जी का दर्द बिल्कुल सही है। ऊर्जा मंत्री को नौटंकी करने की क्या जरूरत है? कभी वे नाली में उतर जाते हैं, तो कभी पुल पर चढ़ जाते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो का भी जिक्र किया जिसमें प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक पन्नालाल शाक्य को कथित तौर पर धक्का देकर साइड करते नजर आ रहे हैं। ममता मीना ने कहा कि पहले भाजपा में ऐसी स्थिति कभी नहीं होती थी। ​महाराज वाली नई भाजपा में पुराने कार्यकर्ता परेशान ​लंबे समय तक भाजपा में रहीं ममता मीना ने पार्टी के वर्तमान हालातों पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए प्रशिक्षण वर्ग में नई और पुरानी भाजपा का अंतर स्पष्ट दिख रहा है। आज की नई भाजपा महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) वाली भाजपा है, जिसमें सिर्फ नौटंकी बची है। ​हमारे समय में हम जैसे लोग सीनियर नेताओं को सम्मान से कुर्सी देते थे, लेकिन आज पुरानी भाजपा के कार्यकर्ता घुटन महसूस कर रहे हैं। जब एक सीनियर विधायक की बात अधिकारी-कर्मचारी नहीं सुन रहे और उन्हें दबाया जा रहा है, तो आम कार्यकर्ता का क्या हाल होगा, समझा जा सकता है। - ​भाजपा में शुरू हुआ अनुशासन बनाम अंदरूनी कलह का दौर ​गौरतलब है कि गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने बिजली दफ्तर का घेराव करते हुए अपनी ही सरकार के ऊर्जा मंत्री, प्रभारी मंत्री और परोक्ष रूप से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर हमला बोला था। इसके बाद रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ने विधायक के इस कदम को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं। जिलाध्यक्ष के इस रुख के बाद पार्टी के भीतर सिंधिया समर्थकों (नई भाजपा) और मूल भाजपाइयों (पुरानी भाजपा) के बीच का अंतर्विरोध और गहरा गया है।