रायगढ़ (ईएमएस)। शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर हर महीने आकर्षक रिटर्न दिलाने का लालच देकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव और उसके साथियों से 1 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने डीमैट अकाउंट खुलवाने और निवेश पर नियमित मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर बड़ी रकम निवेश करवाई। जब निवेशकों को अपने पैसे वापस नहीं मिले और डीमैट अकाउंट से जुड़ी कोई जानकारी भी नहीं दी गई, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दरोगापारा निवासी संजय मिश्रा (42) मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत हैं। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनकी मुलाकात पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के निवासी विश्वजीत देवनाथ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को एलईडी बल्ब निर्माण और शेयर मार्केट ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़ा बताया था। संजय के मुताबिक, विश्वजीत ने उन्हें शेयर मार्केट में निवेश करने पर डीमैट अकाउंट खोलने और हर महीने 6 प्रतिशत ब्याज के साथ मूलधन का 10 प्रतिशत हिस्सा लौटाने का आश्वासन दिया। उसके भरोसे में आकर संजय मिश्रा ने आईसीआईसीआई बैंक से 12 लाख रुपये का ऋण लेकर आरोपी द्वारा बताए गए खाते में राशि जमा कर दी। शुरुआती कुछ महीनों तक निवेश पर नियमित भुगतान मिलने से संजय का भरोसा बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें मिलने वाले रिटर्न को दोबारा निवेश करने की सलाह दी। संजय ने यह निवेश योजना अपने परिचितों और साथियों को भी बताई, जिसके बाद कई लोगों ने इसमें पैसा लगाया। शिकायत के अनुसार संजय मिश्रा समेत विकास साहू, राकेश कुमार मनहर, रितेश साव, देव कश्यप, सुनील पाणिग्राही, शिशुपाल, कृष्णा पांडेय, कृष्णा द्विवेदी, राकेश सरकार, लोचन पटेल, मनील गुप्ता, श्रीमंत मिश्रा और अजय वर्मा सहित कुल 14 लोगों ने मिलकर 1 करोड़ 77 लाख 10 हजार रुपये निवेश किए। बाद में निवेशकों को पता चला कि शेयर ट्रेडिंग के लिए डीमैट अकाउंट अनिवार्य होता है। जब उन्होंने आरोपी से डीमैट अकाउंट संबंधी दस्तावेज और जानकारी मांगी तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई। इससे निवेशकों को धोखाधड़ी का संदेह हुआ। कई बार रकम वापस मांगने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संजय मिश्रा ने अपने साथियों के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विश्वजीत देवनाथ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और लेन-देन, बैंक खातों तथा निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 01 जून 2026