क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- पत्नी की हत्या के बाद पति ने सुनाई लूट की कहानी - पति की कहानी पर पुलिस को शक, जांच में विरोधाभास हैदराबाद (ईएमएस)। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित आईडीए बोलारम इलाके में 32 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है, जो बिहार कॉलोनी, आईडीए बोलारम की रहने वाली थीं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। साइबराबाद पुलिस के अनुसार, रात को अनिल झा नामक व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी और उस पर भी हमला किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अनिल और मीना मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पिछले 25 वर्षों से आईडीए बोलारम क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, अनिल ने बयान में कहा कि रात करीब 9 बजे वह अपनी पत्नी के साथ सब्जी बाजार से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुनसान सड़क पर उनकी बाइक खराब हो गई। अनिल का दावा है कि तभी झाड़ियों से तीन-चार अज्ञात लोग बाहर आए और उसकी पत्नी को जबरन खींचकर ले गए।अनिल ने पुलिस को बताया कि वह डर के कारण मौके से भाग गया था, लेकिन कुछ देर बाद पत्नी की चिंता में वापस लौटा। उसके अनुसार, हमलावरों ने उसे देखकर मीना का गला रेत दिया और उस पर भी हमला किया। बाद में आरोपी उनकी बाइक लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस को अनिल की कहानी में कई विरोधाभास मिले हैं। जांच में न तो यौन उत्पीड़न के कोई संकेत मिले और न ही लूटपाट के स्पष्ट सबूत मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि महिला की हत्या के बाद घटना को अलग रूप देने की कोशिश की गई हो। फिलहाल पुलिस अनिल झा से गहन पूछताछ कर रही है। रामयश/ईएमएस 01 जून 2026