क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम उरबा में भोजन के दौरान हुए विवाद के बाद एक ग्रामीण की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले में गांव के कोटवार और उसके दो बेटों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम उरबा निवासी दामोदर राठिया (37) ने शनिवार रात गांव के कोटवार हरिराम चौहान (50) को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। भोजन के दौरान पत्तल और खाने से जुड़ी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान हरिराम चौहान ने अपने बेटे आकाश चौहान (22) और एक 17 वर्षीय नाबालिग बेटे को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर दामोदर राठिया के साथ मारपीट की। आरोप है कि झगड़े के दौरान वहां मौजूद चाकू से दामोदर के पेट पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई, जिसके बाद तमनार थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी कोटवार हरिराम चौहान, उसके पुत्र आकाश चौहान तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और विवाद की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है। गांव में घटना के बाद शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। - (ईएमएस) 01 जून 2026