धमतरी (ईएमएस)। जिले के कुरूद नगर में एक नहावन कार्यक्रम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जलांजलि देने तालाब पहुंचे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन युवक का शव दो दिन बाद तालाब से बरामद किया जा सका। जानकारी के अनुसार, ग्राम उमरदा निवासी संतोष कंवर (40 वर्ष) अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने कुरूद आया हुआ था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह अन्य लोगों के साथ रामसागर तालाब में जलांजलि देने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि जलांजलि के दौरान संतोष कंवर तालाब में नहाने लगा। इसी बीच वह अधिक गहराई वाले हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे पानी में संघर्ष करते देखा, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया और नजरों से ओझल हो गया। युवक के लापता होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नगर सैनिक के गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। शनिवार को कई घंटों तक तालाब में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके बाद गोताखोरों की टीम ने अगले दिन फिर से खोजबीन शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद गोताखोरों ने रामसागर तालाब से संतोष कंवर का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार, संतोष कंवर पेशे से राजमिस्त्री था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभा रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - (ईएमएस)01 जून 2026