01-Jun-2026
...


प्रशंसकों ने की टीम इंडिया में वापसी की मांग अहमदाबाद (ईएमएस)। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने जिस प्रकार से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की लगातार दूसरी खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई है। उससे एक बार फिर भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी की मांग जोर पकड़ने लगी है। प्रशंसकों और कई पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि भुवनेश्वर फार्म में हैं, ऐसे में उन्हें शामिल किया जाना चाहिये। 36 साल के इस तेज गेंदबाज ने 16 मैचों में कुल 28 विकेट लेकर साबित किया कि उसमें काफी काफी क्रिकेट बचा हुआ है। अब देखना होगा कि उन्हें टीम में अवसर मिलता है या नहीं। आईपीएल फाइनल के बाद, जब बीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आरसीबी और गुजरात टाइटंस दोनो ही टीमों की प्रशंसा की हालांकि उन्होंने भुवनेश्वर का विशेष रूप से नाम लिया। शुक्ला ने कहा कि, गेंदबाजी में भुवनेश्वर का रिवाइवल अद्भुत है। भुवी ने जिस अंदाज में गेंदबाजी की है, वह वाकई जबरदस्त है। वह एक पुराने खिलाड़ी जरूर हैं, लेकिन जिस तरह से वह इस सत्र में उभर कर सामने आए हैं, उसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनके इस बयान से प्रशंसक अंदाज लगा रहे हैं कि अब भूवी को अवसर मिल सकता है। गौरतलब है कि भुवनेश्वर ने भारत के लिए अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच लगभग चार साल पहले खेला था। उन्होंने 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी धरती पर तीन मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय जर्सी पहनी थी। अपने करियर में, इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने भारत के लिए 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वहीं शुक्लासे तब सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिना किसी संशय के युवा वैभव सूर्यवंशी का नाम लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, वैभव सूर्यवंशी। इसमें कुछ कहने की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि उसने जो करके दिखाया है, उससे पूरा देश खुश है। उसकी हर तरफ प्रशंसा हो रही है और हर कोई उसे पसंद कर रहा है। फाइनल मुकाबले पर टिप्पणी करते हुए शुक्ला ने इसे जोरदार टक्कर वाला और बहुत अच्छा फाइनल बताया। उन्होंने कहा कि फाइनल में वही टीमें पहुंचती हैं जो अच्छा खेलती हैं, और इस बार दोनों टीमें चैंपियन होने लायक थीं। उन्होंने आरसीबी को लगातार दूसरी बार खिताब जीतने पर बहुत-बहुत बधाई दी और साथ ही उपविजेता गुजरात टाइटंस के प्रदर्शन की भी सराहना की। ईएमएस 01जून 2026