राष्ट्रीय
01-Jun-2026
...


निलंबित विधायक ने अभिषेक बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने नेता प्रतिपक्ष के चुनाव से संबंधित प्रस्ताव में फर्जी हस्ताक्षरों के मामले में अपने दो विधायकों, ऋतोब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निलंबित किया है। यह फैसला प्रस्ताव में गड़बड़ी मिलने के बाद लिया गया है। बनर्जी उलुबेरिया पूर्व से और साहा एंटाली से टीएमसी के विधायक हैं। इस कार्रवाई के बाद साहा ने पार्टी के भीतर हुई कथित गड़बड़ियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की बैठक में मौजूदगी नहीं थी, उनके हस्ताक्षर प्रस्ताव में शामिल किए गए थे। उनके अनुसार, यह एक बड़ी गलती है और इस मामले की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। इतना ही नहीं निलंबित विधायक साहा ने पूरे विवाद में पार्टी के महासचिव और ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम घसीटते हुए कहा कि विधायकों की सूची पर उनके हस्ताक्षर थे, जिसमें कई गलतियां थीं। साहा ने कहा कि सूची की जांच और सत्यापन की जिम्मेदारी अभिषेक बनर्जी की थी, जिसमें वे सफल नहीं रहे। इस बीच, सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया था कि टीएमसी विधायक साहा और ऋतोब्रत बनर्जी ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी कि नेता प्रतिपक्ष के चुनाव से संबंधित टीएमसी के प्रस्ताव में कई अनियमितताएं और गड़बड़ियां थीं। मौजूदा वक्त में बंगाल की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। हाल ही में अभिषेक बनर्जी पर हमले के ठीक एक दिन बाद टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर भी हमला हुआ था। इन घटनाओं के बीच यह कार्रवाई हुई है, जिससे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी काफी गुस्से में हैं। आशीष दुबे / 01 जून 2026