राजगढ़(ईएमएस)l विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा नरसिंहगढ़ स्टेडियम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को तंबाकू से बने उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, जैसे कैंसर, क्षय रोग (टीबी), हृदय रोग एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही तंबाकू और नशे की लत से बचने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी कराया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भूतपूर्व सैनिक मनीष चोपड़ा का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने उनके योगदान के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन संभव हो सका। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।-निखिल/राजगढ़/1/6/2026