पटना, (ईएमएस)। सोमवार दिनांक 01 जून को सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के ओपीडी परिसर में भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे सघन 100 दिवसीय टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चौथे जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मनीषा, DNB student OBG द्वारा Female Genital TB के विषय में जानकारी दी गई। उन्होेने इसके लक्ष्णों, समय पर पहचान, जांच एवं उपचार के महत्व को सरल एवं प्रभावी भाषा में समझाया। इसके उपरांत स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या किरण ACHD (General) ने अपने संबोधन में Female Genital TB से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने एवं समय पर चिकित्सकीय सलाह के महत्व पर विशेश जोर दिया। पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा निदेशक डॉ. सुबोध कुमार मिश्रा ने जनजागरूकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि टी.बी. की समय पर पहचान, सही जांच एवं नियमित उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जाता है एवं साथ ही सेन्ट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना में टी.बी. से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वीटी DMO (Pathology) के द्वारा किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों से टी.बी. के प्रति सचेत रहने एवं समाज में जागरूकता प्रसारित करने की अपील की गई। इस कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 250 से ज्यादा मरीजों एवं परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। - ०१ जून/२०२६/ईएमएस