01-Jun-2026
...


- भरण-पोषण मामले में 11 महीने की काट रहा था सजा, मजिस्ट्रियल जांच शुरू मंडला (ईएमएस)। मंडला जिला जेल में बंद 48 वर्षीय कैदी आनंद चक्रवर्ती की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र के ग्राम साठई का रहने वाला था। आनंद भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में 11 महीने की सजा काट रहा था। वह 21 जुलाई 2025 से मंडला जेल में बंद था और 19 जून को उसकी रिहाई होने वाली थी। मृतक की पत्नी रचना और बहनोई मदन चक्रवर्ती ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आनंद पिछले 4-5 दिनों से बीमार था, लेकिन उसे सही इलाज नहीं दिया गया। परिजनों का यह भी दावा है कि जिला अस्पताल से रेफर होने के बाद भी उसे समय पर मेडिकल कॉलेज नहीं ले जाया गया, जिससे उसकी जान चली गई। जेल अधीक्षक संजय सलहाम ने इन आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि आनंद पहले से ही दिल की बीमारी (हृदय रोग) से पीड़ित था। नवंबर 2025 में उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया था, जहाँ से वह 5 अप्रैल को वापस लौटा था। इसके बाद 11 मई को भी उसकी जाँच कराई गई थी। जेल अधीक्षक के मुताबिक, शनिवार शाम को जब आनंद की तबीयत बिगड़ी, तो उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया था। जब जेल प्रबंधन एम्बुलेंस और गार्ड की व्यवस्था कर ही रहा था, उसी दौरान उसकी मौत हो गई। कैदी की मौत के बाद अब नियमों के तहत मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और जेल प्रशासन की भूमिका को लेकर स्थिति साफ हो पाएगी। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026