राज्य
01-Jun-2026


लखनऊ (ईएमएस)। राजधानी लखनऊ में वीआईपी इलाका माने जाने वाले गोल्फ क्लब चौराहे एवं सीएम आवास के नजदीक सोमवार को चार लोगों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस ने यहां एक बयान में बताया कि औरैया के रहने वाले मुकेश सैनी, कानपुर के रहने वाले नितिन श्रीवास्तव, और गोंडा के रहने वाले ज्ञानेंद्र रावत और अभिषेक सिंह ने पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 40 मिनट पर गोल्फ क्लब चौराहे पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। बयान में पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आत्मदाह की कोशिश करने वाले सभी लोग लखनऊ के दुबग्गा बस डिपो में संविदा परिचालक के तौर पर काम करते हैं। वे विभागीय संविदा ऑपरेटरों को निजी आउटसोर्सिंग व्यवस्था में स्थानांतरित करने, बकाया वेतन के भुगतान, कर्मचारियों के उत्पीड़न और भेदभावपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। बयान के अनुसार पुलिस आत्मदाह का प्रयास करने वाले सभी लोगों को गौतमपल्ली थाने ले गई जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। जितेन्द्र 01 जून 2026