राज्य
01-Jun-2026


ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आम और 4.74 लाख रुपये का गुटखा एवं तंबाकू उत्पाद जब्त किए हैं। इस अभियान के दौरान 37 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 31 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। बताया गया है कि राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंडे के मार्गदर्शन में 29 से 31 मई के बीच नवी मुंबई के एपीएमसी मार्केट समेत ठाणे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। * कृत्रिम रूप से पकाए जा रहे आमों पर कार्रवाई गर्मी के मौसम में आम की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ व्यापारी फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल कर रहे थे। छापेमारी के दौरान तीन बड़े प्रतिष्ठानों में आमों पर सीधे इथिलीन जैसे रसायनों का स्प्रे कर उन्हें पकाने का मामला सामने आया। एफडीए अधिकारियों ने इन प्रतिष्ठानों से 3,453 किलोग्राम आम जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 11 लाख 12 हजार 850 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों के अनुसार फलों पर सीधे इथिलीन स्प्रे करना प्रतिबंधित है। फल पकाने के लिए केवल निर्धारित और सुरक्षित इथिलीन गैस चैंबर का उपयोग किया जा सकता है। जांच के दौरान कई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करते हुए सीधे फलों पर स्प्रे करते पाए गए। जब्त आमों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जांच में कहीं भी कैल्शियम कार्बाइड जैसे अत्यंत खतरनाक रसायन का उपयोग नहीं मिला, लेकिन इथिलीन स्प्रे का गलत इस्तेमाल स्पष्ट रूप से सामने आया है। * गुटखा और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ विशेष अभियान विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 29 से 31 मई के बीच गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू जैसे प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 36 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई और 4 लाख 74 हजार 407 रुपये मूल्य का गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू जब्त किया गया। प्रतिबंधित उत्पादों की अवैध बिक्री में शामिल विक्रेताओं के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 37 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 31 प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। * एफडीए ने दी चेतावनी एफडीए ने स्पष्ट किया है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। * शिकायत के लिए हेल्पलाइन प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री या खाद्य पदार्थों में मिलावट की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800222365 जारी किया गया है। नागरिक अपनी शिकायत लिखित रूप में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोकण विभाग, वागले एस्टेट, ठाणे स्थित कार्यालय में भी दर्ज करा सकते हैं। संतोष झा- ०१ जून/२०२६/ईएमएस