क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- राजमाता चौराह पर किया चक्काजाम, खाद गोदाम पर किया प्रदर्शन - आनन-फानन में शुरु हुई टोकन व्यवस्था अशोकनगर (ईएमएस)। खाद की कमी से नाराज किसानों ने सोमवार को राजमाता चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चौराहे पर पहुंचे और चारों ओर से आने-जाने वाले रास्तों को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ के पूर्व निर्धारित आंदोलन के तहत सुबह से ही सैकड़ों किसान अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ राजमाता चौराहे पर एकत्रित होने लगे। बारिश के बावजूद किसानों का गुस्सा कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में किसान खाद की मांग को लेकर डटे रहे। किसानों का कहना था कि वे खाद लेने आए हैं और खाद लेकर ही वापस जाएंगे। कई किसानों ने बताया कि प्रशासन द्वारा खाद उपलब्ध नहीं कराए जाने की स्थिति में लंबे समय तक धरने पर बने रहने के लिए वे अपने साथ लकड़ी, कंडे तथा भोजन बनाने की व्यवस्था तक करके आए हैं। किसानों का कहना था कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से उनकी चिंता बढ़ गई है। सुबह से शुरू हुआ किसानों का जमावड़ा दोपहर करीब 12 बजे तक राजमाता चौराहे पर बना रहा। इस दौरान किसानों ने लगातार खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। किसानों के बढ़ते दबाव और आंदोलन को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की और आश्वासन दिया कि सभी किसानों को विदिशा रोड स्थित खाद गोदाम पर खाद उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसान अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खाद गोदाम पहुंचे, जहां किसानों के लिए ई-टोकन बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई और 6-7 काउंटर बनाये गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। मौके पर एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी, कृषि उपसंचालक अमित भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की, जबकि किसान अपनी मांग पूरी होने तक खाद वितरण की प्रक्रिया शुरू कराने पर अड़े रहे। देर शाम तक बने टोकन: देर शाम तक बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर मौजूद रहे। कुछ किसानों को मौके पर ही खाद उपलब्ध कराया गया, जबकि कई किसानों के केवल टोकन ही बुक हो सके। भारतीय किसान संघ की मांग थी कि जो किसान ट्रैक्टर लेकर आए हैं, उन्हें मौके पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए। एक साथ लगाए कई काउंटर: प्रशासन ने केंद्र पर कई काउंटर लगाकर टोकन बुक करने की प्रक्रिया शुरू की। टोकन वितरण के साथ खाद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। कुछ किसानों को खाद दिया गया, जबकि कुछ को अगले एक-दो दिनों में खाद उपलब्ध कराने की बात कही गई। करीब 2000 टोकन बुक होने का दावा: भारतीय किसान संघ के जैविक प्रदेश मंत्री जगराम सिंह यादव ने बताया कि प्रशासन के अनुसार करीब 2000 टोकन बुक किए गए हैं। कई किसानों के अगले दिन के लिए टोकन जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर मौजूद हैं और प्रशासन से सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा जारी है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 01जून 2026