अशोकनगर (ईएमएस)। सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत प्रदेश के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सोमवार से जिला पुलिस बल हेतु 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम अशोकनगर में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे जिला पुलिस बल का 100 प्रतिशत प्रशिक्षण सुनिश्चित हो सके। प्रशिक्षण में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा सिंहस्थ-2028 का परिचय, आयोजन की महत्ता, विभिन्न प्रकार की महत्वपूर्ण ड्यूटियां, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट), आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में कार्यवाही, सुरक्षा प्रबंधन तथा आयोजन से संबंधित नवीन व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा बताया गया कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहती है। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक पुलिसिंग, प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा बेहतर समन्वय के लिए तैयार करना है, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट एवं जनहितैषी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, समन्वय क्षमता एवं आपदा प्रबंधन संबंधी दक्षताओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 01जून 2026