क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- रूफ वाटर हार्वेस्टिंग की दिशा में जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत - कलेक्टर जैन हरदा (ईएमएस)। जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रहे। किसी भी स्थान पर पेयजल की दिक्कत न हो। इसके साथ ही पेयजल की शुद्धता पर भी ध्यान दिया जाए। पेयजल योजनाओं का संधारण दुरूस्त रहे, संबंधित एजेन्सी यह सुनिश्चित करें। यह निर्देश सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने दिए।उन्होने कहा कि वर्षा पूर्व जल संरक्षण के इंतजामों के लिए प्रयास किए जाएं। जिले में ज्यादा से ज्यादा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास किए जाने की जरूरत है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का इस दिशा में 15 दिवस के अन्दर किए गए कार्यों का प्रदर्शन देखा जाएगा। बैठक में टिमरनी में सवारी बसों की यातायात व्यवस्था संबंधी शिकायत मिलने पर जिला परिवहन अधिकारी को पाबंद किया गया कि वे सवारी बसों का बस स्टेण्ड पर ठहराव सुनिश्चित करें, जो बसें बसस्टेण्ड पर नहीं रूक रहीं, उन पर जुर्माना किया जाए। बैठक में विद्या आसन एवं पोषण प्रहरी अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि इन दोनों अभियानों में ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला अस्पताल में स्वच्छता पर ध्यान दिए जाने के भी कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए। बैठक में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी हरदा द्वारा बताया गया कि लगभग एक वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा एक करोड़ 25 लाख रूपये की लागत से निर्मित किए गए अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन की निर्माण गुणवत्ता खराब होने से भवन एक साल में ही अत्यंत क्षतिग्रस्त हो गया है, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित एजेन्सी को ठेकेदार से उक्त भवन को दुरूस्त करवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। ईएमएस/मोहने/ 01 जून 2026