खरगोन (ईएमएस)। जिले से गुजर रहे खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर मगरिया के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खरगोन से खंडवा के पिपलोद में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे रिश्तेदारों से भरा ट्रेवलर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में टे्रवलर सवार 19 लोग घायल हो गए, सभी घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। जबकि बाईक सवार महिला-बालिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे में बाईक सवार की पत्नि और बेटी की मौत हुई है। अस्पताल में उपचाररत विशाल राजेंद्र मालवीय ने बताया उसकी सगाई खंडवा जिले के पिपलोद में तय हुई है। सोमवार को रिश्तेदारों के साथ सगाई के लिए औरंगपुरा से निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे मगरिया के समीप एक अन्य वाहन अचानक सामने आया, वाहन की गति तेज होने से ट्रेवलर चालक ने नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रेवलर पहले एक बाइक से टकराया, इसके बाद पलट गया।जैतापुर थाना पुलिस के अनुसार इस हादसे में बाईक सवार बालू पिता वेरसिंह निवासी मोहनदढ़ जिला बुरहानपुर घायल हुए है। हादसे में बालू की मोना (45) बेटी अनिता (18) की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। ईएमएस/ नाजिम शेख/ 01 जून 2026