- निर्देश देते पुलिस अधीक्षक। शाजापुर (ईएमएस)। आगामी सिंहस्थ 2028 को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शाजापुर जिले में पुलिस बल की तैयारियां अभी से तेज हो गई हैं। मेले के दौरान कानून व्यवस्था, कुशल भीड़ प्रबंधन और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार, 1 जून को पुलिस बल के विशेष प्रशिक्षण के प्रथम बैच का शुभारंभ किया गया। शाजापुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने इस छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कर जवानों का उत्साहवर्धन किया। विशेष प्रशिक्षण में जिले के समस्त जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) और होमगार्ड के जवानों को शामिल किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को सिंहस्थ ड्यूटी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर बारीकी से प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना दक्ष बनाना है कि वे मेले के दौरान सामने आने वाली किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें। ट्रेनिंग के दौरान जवानों की फिटनेस और मानसिक शांति के लिए नियमित पी.टी. अभ्यास के साथ-साथ योग और मेडिटेशन को भी दिनचर्या में शामिल किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को सिंहस्थ के परिचय के साथ ही उज्जैन के ऐतिहासिक एवं भौगोलिक महत्व से भी अवगत कराया जा रहा है। इसके अलावा, सिंहस्थ 2016 के अनुभवों का पुनर्विलोकन करते हुए जवानों को भीड़ नियंत्रण व प्रबंधन, मेला क्षेत्र में सघन चेकिंग व निगरानी और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन जैसे अहम विषयों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।ड्यूटी के दौरान जवानों का स्वास्थ्य भी पूरी तरह दुरुस्त रहे, इसे ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय की एक विशेष टीम द्वारा प्रशिक्षण में शामिल सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ ड्यूटी एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरे अनुशासन, सजगता और सच्ची सेवा भावना के साथ इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 01जून 2026