देवास (ईएमएस)। शहर में सोमवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। दोपहर करीब 3:30 बजे शुरू हुई आंधी ने शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, बिजली के पोल झुक गए और विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आंधी के दौरान रूपाखेड़ी के समीप मेरठी कंकड़ क्षेत्र में एक दीवार गिरने से एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों में राम मेवाड़ा, बुद्धालाल मेवाड़ा, शांताबाई मेवाड़ा, अंजूबाई, दिव्यांशी, लकी और रुद्र मेवाड़ा शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। तेज हवा के कारण शहर के कई हिस्सों में टीनशेड, होर्डिंग, पोस्टर और बैनर उखड़कर गिर पड़े। आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों पर गिर गईं, जबकि कुछ बिजली पोल भी झुक गए, जिससे शहर के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई। माता टेकरी क्षेत्र में भी आंधी के कारण कुछ विद्युत लाइटें क्षतिग्रस्त हो गईं। धूल भरी आंधी के दौरान सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाना पड़ा।