क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- जल जीवन मिशन एवं जल गंगा के कार्य में तेजी लाई जाए, लुप्त जल स्रोतों को पुर्नजिवित किया जाए - पचमढ़ी में आम महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाए - सभी एसडीएम नदी किनारे संचालित अवैध ईट भट्टों पर प्रभावशील कार्रवाई करना सुनिश्चित करें - कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए विभिन्न निर्देश नर्मदापुरम (ईएमएस)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिले के गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजो का उपचार जिले के चिकित्सालय में एवं जिले के बाहर के चिकित्सालय में कराना सुनिश्चित करें। उपचार के अभाव में कोई भी मरीज अनावश्यक परेशानी ना झेलें। उक्त निर्देश कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक में दिए। उन्होंने उप संचालक उद्यानिकी को निर्देश दिए की नर्मदापुरम की तर्ज पर पचमढ़ी में भी आम महोत्सव का आयोजन करें, इसके लिए सीईओ साडा एवं एसडीएम पिपरिया का आवश्यक सहयोग लेते हुए सफलतापूर्वक आम महोत्सव का आयोजन करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पीएचई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जल जीवन मिशन के कार्य में तेजी लाए और जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुकी नल जल योजना को समारोह पूर्वक समारोह आयोजित कर ग्राम पंचायत को हैंडोवर करें, इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की वो जल गंगा संवर्धन अभियान में भी तेज गति से कार्य करें। लुप्त हो चुकी या बंद पड़े जल स्रोतों को पुनर्जीवित करें और जल संरचनाओं को विकसित करें। जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के निराकरण में धीमी गति से कार्य होने पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए, जनसुनवाई प्रभारी को निर्देश दिए कि वह इस सप्ताह प्राप्त प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण पेंडिंग ना रहे यदि किसी प्रकरण में नियम के तहत कार्य संपादित नहीं हो पा रहा है तो संबंधित आवेदक और हितग्राही को तत् संबंध में तथ्यात्मक जानकारी देते हुए उन्हें वस्तु स्थिति से अवगत कराए। कलेक्टर ने निर्देश दिए की सभी आवेदको को एवं हितग्राहियों से अधिकारी गण संवेदनशीलता से बात करें एवं उन्हें निराकरण की स्थिति से अवगत कराए। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह नदियो के किनारे संचालित अवैध ईट भट्टों के संचालकों पर प्रभावशील कार्रवाई करना सुनिश्चित करें एव ईट भट्ठा संचालकों का परमिशन पत्र अनिवार्य रूप से देखें। उन्होंने बारिश से पूर्व सभी नालों एवं नालियों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सहकारी बैंक द्वारा बकायादारो से की जा रही वसूली की अदयतन स्थिति की जानकारी ली, साथ ही दिव्यांग जनों को रखने के लिए छात्रावास की रिपेयरिंग करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रकरणो मैं निराकरण की स्थिति में अनिवार्य रूप से सुधार करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने अब तक हुई निराकरण की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वह सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हर हाल में नर्मदापुरम जिले की रैंकिंग में सुधार होना चाहिए। उन्होंने जून माह के लिए खाद्यान्न का आवंटन प्राप्त करने के निर्देश दिए और कहां की बारिश को देखते हुए डेढ़ माह का अग्रिम खाद्य भंडारण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी संचालको की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वह अपने विभागीय कार्यक्रम के आयोजन के आमंत्रण पत्र में जनप्रतिनिधियों का नाम पदक्रम अनुसार अनिवार्य रूप से अंकित करें। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यालय में रिक्त पदों की एवं अनुकंपा नियुक्ति से भरे जाने वाले पदो की जानकारी से अवगत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित ओआईसी को निर्देश दिए कि वह सभी विभागों से अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण प्राप्त करें ताकि आगामी दिनों में शिविर आयोजित कर अनुकंपा नियुक्ति के आदेश वितरित किए जा सके। उन्होंने सभी विभाग प्रमुख को निर्देश दिए की 1 जून से स्थानांतरण नीति खुल गई है अतः सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ इच्‍छुक कर्मचारियों एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों से स्थानांतरण के आवेदन प्राप्त कर कलेक्टर कार्यालय को प्रस्तुत करें। उन्होंने निराश्रित पशुओं को गौशाला में स्थानांतरित करने के निर्देश देते हुए कहां की गौशालाओं में निराश्रित पशुओं के लिए पर्याप्त भूषा एवं चारे की व्यवस्था तथा पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों को प्रति माह रोस्टर के अनुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने खाद्य औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य के नमूने लेकर जांच हेतू प्रयोगशाला में भिजवाना सुनिश्चित करें। समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, एडीएम श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, सभी अनु विभाग के अनुविभागीय राजस्‍व अधिकारी गण, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर एवं समस्त विभाग के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 01 जून 2026