क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- आयुष मंत्रालय और हैबिल्ड की अनोखी पहल, योग 365 अभियान से जुड़े 130 से अधिक देश इंदौर (ईएमएस)। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मद्देनजर देश और दुनिया में योग को रोज़मर्रा की जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए एक बड़ा डिजिटल अभियान छिड़ गया है। आयुष मंत्रालय के मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान और भारत के पहले हैबिट-बिल्डिंग प्लेटफ़ॉर्म हैबिल्ड के बीच हुए एक समझौते के तहत योग 365 नाम से राष्ट्रव्यापी डिजिटल योग मूवमेंट चलाया जा रहा है। मार्च से शुरू हुए इस 100 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को शॉर्ट-टर्म फिटनेस के बजाय रोजाना योग करने की स्थायी आदत डालना है। डिजिटल माध्यम की व्यापक पहुंच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित दुनिया के 130 से अधिक देशों से 4 लाख से अधिक सक्रिय साधक इस मुहिम से जुड़ चुके हैं और प्रतिदिन ऑनलाइन योग अभ्यास कर रहे हैं। 21 जून तक यह संख्या कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। आयुष मंत्रालय के यूट्यूब चैनल पर प्रसारित हो रहे इन सरल सत्रों का नेतृत्व हैबिल्ड के सह-संस्थापक और योग प्रशिक्षक सौरभ बोथरा कर रहे हैं। बोथरा ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में निरंतरता बनाए रखना कठिन होता है, लेकिन जब योग को रोजमर्रा के अनुशासन में ढाला जाता है, तभी इसका असर व्यक्तिगत स्वास्थ्य से बढ़कर पूरे समाज को स्वस्थ बनाने में दिखने लगता है। भारत में प्रिवेंटिव हेल्थकेयर (बीमारियों से बचाव) की संस्कृति को मजबूत करने वाले इस अभियान से कोई भी नागरिक वेबसाइट https://moa.habit.yoga/ या टोल-फ्री नंबर 1800-315-2008 के जरिए 21 जून तक निःशुल्क जुड़ सकता है। प्रकाश/01 जून 2026