इन्दौर (ईएमएस) शहर में गहराते जलसंकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार जल प्रदाय व्यवस्था सुधारने हेतु धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उसी क्रम में आज नगर निगम वार्ड 70 के रहवासियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिसमें महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए पार्षद के खिलाफ नाराजगी जताई और उसका पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन की शुरुआत डेरी चौराहे से जूलुस के साथ हुई, जो हरिओम नगर, पंचमूर्ति नगर, लोकनायक नगर और इंदिरा नगर होते हुए मेन रोड स्थित शिव मंदिर तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते पानी की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था भीषण गर्मी में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कई शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हो रहा उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने नगर निगम से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर क्षेत्रवासियों को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व मंडलम अध्यक्ष, युवा कांग्रेस विधानसभा-4 अध्यक्ष सहित वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय रहवासी शामिल हुए। आनंद पुरोहित/ 01 जून 2026