क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


समय - सीमा की बैठक में विकास कार्यों, जन शिकायतों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की निगमायुक्त ने समीक्षा कर दिए दिशा निर्देश प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित पूर्ण आवासों के आवंटन की कार्यवाही करें प्रारंभ कटनी (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में जनसुनवाई, संबल योजना, पीएम स्वनिधि, ई-ऑफिस, ई-केवाईसी, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, न्यायालयीन प्रकरणों एवं विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता एवं समयबद्धता ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली की वास्तविक कसौटी है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्षा पूर्व तैयारियों पर विशेष जोर आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर के बड़े एवं छोटे नालों की सफाई कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जलभराव की संभावित समस्या वाले क्षेत्रों में शेष सफाई कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे नागरिकों को वर्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना एवं नाला सफाई के उपरांत उन्हे प्राथमिकता से ढ़कनें की निगम प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ आईएचएसडीपी योजना अंतर्गत निर्मित आवासों के पात्रता परीक्षण हेतु किए जा रहे सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने शेष सर्वे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की आवासीय योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए। निगमायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आर.आर.सी के प्रकरणों का निराकरण करने, तथा पूर्ण निर्मित आवासों के आवंटन हेतु हितग्राहियों से पैसे जमा कराकर नियमानुसार आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए। ट्रांसपोर्ट नगर की समीक्षा नगर की सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को निर्धारित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से संचालित किए जाने हेतु नगर सीमा के भीतर विभिन्न क्षेत्रों में संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की अद्यतन सूची तैयार करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए। साथ ही ऐसे ट्रांसपोर्ट व्यवसायी जिन्होंने पूर्व में जारी नोटिसों का जवाब प्रस्तुत नहीं किया है अथवा जिनके द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश भी राजस्व अधिकारी को दिए गए। जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था पर सतत निगरानी जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोक पिट निर्माण, बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं एवं पौधारोपण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने सभी कार्यों की समयबद्ध प्रगति एवं पोर्टल पर नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा कर किसी भी आकस्मिक स्थिति में नागरिकों को टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अवैध कॉलोनियों और फायर सेफ्टी नियमों पर सख्ती बैठक में अनाधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई एवं फायर सेफ्टी मानकों की समीक्षा भी की गई। निगमायुक्त ने अवैध निर्माणों को रोकने, प्रति सप्ताह एफआईआर दर्ज करने तथा फायर अप्रूवल एवं फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र नहीं लेने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने बिना अनुमति एवं अनुमति के विपरीत निर्माण कार्यो की सूची तैयार कर जून माह के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कंपाउंडिंग का टारगेट पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इन कार्यों की भी हुई समीक्षा इसके अलावा राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने राजस्व वसूली में गति लाने, नामांतरण के प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने, निगम की शत प्रतिशत संपत्तियों से दुकान किराया राशि वसूलने के निर्देश राजस्व अधिकारी को दिए। इस दौरान अतिक्रमण शाखा, उद्यान विकास, विद्युत व्यवस्था, लोक परिवहन, रोड मार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन, नवीन बस स्टैंड तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अमृत योजना की समीक्षा के दौरान 10 जून तक पाइप लाइन विस्तार का कार्य पूर्ण कराकर मोटरेबल की कार्यवाही पूर्ण करने एवं वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की खुदाई नहीं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जर्जर भवनों के संबंध में की गई कार्यवाही की समीक्षा के दौरान आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जर्जर भवनों को प्राथमिकता से हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इनकी रही उपस्थिति बैठक में उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री श्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, जयेंद्र प्रताप सिंह, शैलेन्द्र प्यासी, संजय मिश्रा, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित अन्य शाखाओं विभागीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।