एक ही मंच पर मिलेगा समस्याओं का समाधान,प्रातः 11 बजे से 1:30 बजे तक होगी सुनवाई कटनी (ईएमएस)। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई अब एक भरोसेमंद और प्रभावी व्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुकी है। यह पहल नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समाधान की प्रक्रिया को सरल और तेज बना रही है।इसी क्रम में 2 जून, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में महापौर जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी बात रख सकेंगे।महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सहज और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से न केवल समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाता है, बल्कि संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश देकर उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जाती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम प्रशासन लगातार इस दिशा में प्रयासरत है कि नागरिकों को अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़े, बल्कि एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके। महापौर श्रीमती सूरी ने शहरवासियों से अपील की है कि मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस जनहितकारी व्यवस्था का लाभ प्राप्त करें।