पेयजल शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश जबलपुर (ईएमएस)। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, स्मार्ट सिटी सीईओ अरविंद शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में हैंडपंपों और नल-जल योजनाओं के रखरखाव संबंधी शिकायतों पर विशेष ध्यान देने तथा हैंडपंपों के आसपास हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन, उर्वरक वितरण, नरवाई जलाने की घटनाओं, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्कूलों के 100 मीटर दायरे में संचालित तंबाकू, गुटखा और सिगरेट की दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले में पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री के निर्माण और भंडारण स्थलों की जांच कर सुरक्षा मानकों का सत्यापन करने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। गौरीघाट में नाव संचालन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और बिना लाइफ जैकेट नाव संचालन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।