क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाए भोपाल विलीनीकरण के संघर्ष का इतिहास - महापौर श्रीमती राय महापौर श्रीमती राय ने भोपाल गेट पर किया ध्वजारोहण, गुब्बारे उड़ाए, चित्र प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, विलीनीकरण आंदोलन के सेनानियों के परिजनों का किया सम्मान जुमेराती पोस्ट आफिस परिसर में भी किया झंडावंदन भोपाल(ईएमएस)। महापौर ने कहा है कि भोपाल की आजादी के संघर्ष और बलिदान के इतिहास को पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाना चाहिए। महापौर श्रीमती मालती राय ने यह विचार भोपाल की आजादी को भोपाल गौरव दिवस के रूप में मनाने हेतु भोपाल गेट पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। महापौर श्रीमती राय ने भोपाल गेट पर झंडावंदन व गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर महापौर श्रीमती राय ने विलीनीकरण आंदोलन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया एवं विलीनीकरण आंदोलन के सेनानियों के परिजनों का सम्मान भी किया। इसके उपरांत महापौर श्रीमती राय ने जूमेराती पोस्ट ऑफिस परसिर में आयोजित गौरव दिवस कार्यक्रम में झण्डावंदन कर भारत माता के चित्र पर माल्यर्पण किया और मिष्ठान वितरण भी किया। भोपाल गौरव दिवस के अवसर पर सोमवार को राजधानी के भोपाल विलीनकरण शहीद द्वार एवं जूमेराती पोस्ट ऑफिस प्रांगण में महापौर श्रीमती मालती राय के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहीद गेट पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मालती राय ने विलीनीकरण आंदोलन में बलिदानियों के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि भारत 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हो गया था लेकिन भोपाल नवाबी हुकूमत की बेड़ियों में जकड़ा रहा और भोपाल को दो साल बाद आजादी मिली। महापौर श्रीमती मालती राय ने कहा कि भोपाल की आजादी में भाई रतन कुमार गुप्ता, पं. उद्धव दास मेहता, डॉ शंकर दयाल शर्मा, मास्टर लाल सिंह, नित्य गोपाल शर्मा, सूरजमल जैन, प्रोफेसर अक्षय कुमार, लक्ष्मी नारायण जैमिनी, प्रेम श्रीवास्तव, बालकृष्ण गुप्ता, जमुना प्रसाद मुखरैया, श्रीमती बसंती देवी, श्रीमती शांति देवी, श्रीमती मोहिनी देवी और श्रीमती पुष्पा चारु आदि सेनानियों का स्मरण करते हुए कहा कि विलीनीकरण आंदोलन के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर महापौर श्रीमती राय ने विलीनीकरण आंदोलन के सेनानियों के परिजनों ईश दयाल शर्मा, डॉ दीपक मेहता, आलोक गुप्ता, ललित जैन, योगेंद्र मुखरैया आदि को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत महापौर श्रीमती राय ने जूमेराती पोस्ट आॅफिस प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरण भी किया। उक्त कार्यक्रमों में महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भोपाल की आजादी के इस दिन को गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरूआत सांसद आलोक शर्मा ने अपने महापौर कार्यकाल में की थी जो वर्तमान तक निरंतर जारी है। उक्त दोनों कार्यक्रमों में जोन अध्यक्ष श्रीमती विनीता सोनी, पार्षदगण श्रीमती प्रियंका मिश्रा, श्रीमती सरोज आसेरी, राजू कुशवाह, शैलेष साहू, पूर्व निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा के अलावा राकेश कुकरेजा, अभय पंडित, हरिओम आसेरी, राजेन्द्र गुप्ता, अवनि शर्मा, पुष्पेन्द्र जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।