क्षेत्रीय
02-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस)।| जिले के देहरी गांव के समीप मंगलवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक मंदिर पुजारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गोविंदपुरा जनजाली निवासी मनोज भार्गव पिता गौरीशंकर भार्गव मंगलवार रात अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 08 एमएम 7976 से इलाज के लिए टाइफाइड की दवा लेने गुना आए थे। दवा लेने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे देहरी गांव के पास पीछे से तेज गति से आ रहे एक कंटेनर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज भार्गव सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मनोज भार्गव गांव के मंदिर में पुजारी थे और धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल तथा बाद में अस्पताल पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। सीताराम नाटानी