दबंगों से परेशान मां-बेटा तपती धूप में घुटनों के बल पहुंचे कलेक्ट्रेट, बोले- घर बेचने का दबाव बना रहे, जान का खतरा गुना (ईएमएस)। जिले के बमोरी थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में कथित दबंगों से परेशान एक युवक और उसकी वृद्ध मां मंगलवार को न्याय की गुहार लगाने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोनों ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए तपती दोपहर और भीषण गर्मी में घुटनों के बल चलकर कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचकर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोग लगातार उनके साथ मारपीट कर रहे हैं, मकान बेचने का दबाव बना रहे हैं और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। ग्राम रामपुर निवासी जितेन्द्र रजक ने बताया कि 29 मई को वह अपने घर पर मौजूद था, तभी गांव के मांगीलाल यादव, मलखान यादव, प्रताप यादव और विक्रम यादव वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ लाठियों से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और करीब 20 टांके लगे। उसके हाथ, पैर और जांघ में भी चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि घटना की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन उनकी बात पूरी तरह नहीं सुनी गई। उल्टा उनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर लिया गया। जितेन्द्र का कहना है कि आरोपी पक्ष लगातार उस पर शराब पीकर विवाद करने जैसे झूठे आरोप लगा रहा है। वहीं आरोपी आए दिन घर पर पहुंचकर मकान बेचने और गांव छोड़ने का दबाव बनाते हैं। उसने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है। पीड़ित की मां रतनबाई ने बताया कि उनके बेटे को घर के सामने ही बेरहमी से पीटा गया था। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले कम नहीं हुए हैं। वे लगातार धमकी दे रहे हैं कि मकान खाली कर दो और गांव छोड़कर चले जाओ। उन्होंने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कलेक्ट्रेट पहुंचे मां-बेटे ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीताराम नाटानी