02-Jun-2026
...


- साबरकांठा के केशरगंज गांव में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण में हुए शामिल, अनुसूचित जाति किसान के घर किया रात्रि विश्राम एवं भोजन साबरकांठा (ईएमएस)| गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने साबरकांठा जिले के वडाली तालुका स्थित केशरगंज गांव के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन ग्रामीण जीवन, सादगी और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। वर्तमान परिस्थितियों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखते हुए राज्यपाल बिना किसी बड़े काफिले के भीषण गर्मी में गांधीनगर से केशरगंज तक सामान्य यात्री की तरह राज्य परिवहन (एसटी) बस में यात्रा कर पहुंचे। उनका यह कदम सादगीपूर्ण जीवनशैली और जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है। गांव के मुख्य चौक पर पहुंचकर राज्यपाल ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से स्वच्छता का संदेश गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक स्वस्थ और गौरवशाली समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जब हर व्यक्ति अपने घर के साथ-साथ अपने गांव को भी स्वच्छ रखने का संकल्प लेगा, तभी महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार किया जा सकेगा। दौरे के दौरान राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत केशरगंज की गौचर भूमि में ग्रामीणों के साथ वृक्षारोपण किया। राज्यपाल की पर्यावरण चेतना से प्रेरित होकर गांव के लगभग 200 स्थानीय नागरिक भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में शामिल हुए। सादगी और उच्च विचारों का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राज्यपाल ने रात्रि में गांव के ही अनुसूचित जाति परिवार के प्रगतिशील किसान लवजी लखाभाई वणकर के घर सादा भोजन किया। परिवार द्वारा उन्हें दूधी (लौकी) की सब्जी, दाल, रोटी, सलाद और शीरा परोसा गया। भोजन के दौरान राज्यपाल ने परिवार के सदस्यों से आत्मीय संवाद किया तथा बच्चों को शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीना पटेल, विधायक रमण वोरा, जिला कलेक्टर ललित नारायण सिंह सांदू, जिला विकास अधिकारी एच.पी. पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे। - 02 जून