जयपुर (ईएमएस)। ईजीएस आयुक्त श्रीमती पुष्पा सत्यानी ने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के समस्त जिला कार्यकम समन्वयक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की वी.सी. के माध्यम से शासन सचिवालय जयपुर में बैठक ली।श्रीमती सत्यानी ने राज्य में योजना के बेहतर कियान्वयन के संबंध में सभी जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बिन्दुवार समीक्षा एवं विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने योजनान्तर्गत सामग्री एवं प्रशासनिक मद का भुगतान एसएनए स्पर्श के माध्यम से किये जाने के संबंध में समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि योजनान्तर्गत जिलों द्वारा बकाया बिलों के भुगतान किये जाने संबंधि समस्त प्रक्रिया आगामी 3 दिवस में आवश्यक रूप से पूर्ण कर ली जाए। योजनान्तर्गत कार्यरत संविदाकार्मिकों के मानदेय भुगतान की कार्यवाही प्राथमिकता से करें। आयुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक श्रमिक नियोजन किये जाने के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी परिवारों को निर्धारित समयावधि में रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। अतिरिक्त आयुक्त श्री जुगल किशोर मीणा ने ई-केवाईसी, कार्यों की जियो टैगिंग की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्रता के साथ पूर्ण कराते हुए आगामी मानसून के दौरान सघन पौधारोपण के निर्देश दिए। वित्तीय सलाहकार ने सीए ऑडिट हेतु डाटा वेरिफिकेशन निर्धारित प्रपत्रों मे तत्काल मुख्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए। परियोजना निदेशक श्री रतन लाल अटल ने जिलों में पूर्ण हुए श्रेष्ठ कार्यों के फोटोग्राफ मय सफलता की कहानियां प्रति सप्ताह नियमित रूप से राज्य मुख्यालय को भिजवाने के निर्देश दिये। अशोक शर्मा/ 5:40 बजे/ 2 जून 2026