02-Jun-2026
...


- देशभर में 40 करोड़ हस्ताक्षर का लक्ष्य, भोपाल में 5 लाख गौभक्तों का समर्थन जुटाएंगे भोपाल (ईएमएस)। भोपाल में चल रहे गो सम्मान आह्वान अभियान को युवाओं, महिलाओं और गौभक्तों का बढ़ता समर्थन मिल रहा है। अभियान के दूसरे चरण में जिले से 5 लाख हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि देशभर में 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र करने की योजना है। अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान, जनसंपर्क और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। 27 जुलाई को गो सम्मान दिवस मनाया जाएगा, जिसमें सुबह 8 से 9:15 बजे तक श्रीराम जय राम जय जय राम विजय मंत्र का सामूहिक संकीर्तन होगा। इसके बाद हजारों गौभक्त कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपेंगे। अभियान की प्रमुख मांगों में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, तथा गोसेवा के लिए केंद्रीय कानून और मंत्रालय की स्थापना शामिल है। अभियान से जुडऩे के लिए 9067777323 पर मिस्ड कॉल दी जा सकती है। अभियान के तहत भोपाल के विभिन्न इलाकों, कॉलोनियों, गांवों और धार्मिक स्थलों पर लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। गौमाता की सेवा और संरक्षण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में नागरिकों को जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। भोपाल में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है। कई स्थानों पर बैठकों और जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल संभाग प्रभारी कवेंद्र शर्मा का कहना है कि आने वाले दिनों में भोपाल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें, गोष्ठियां और जनसंपर्क कार्यक्रम और तेज किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग 27 जुलाई के कार्यक्रम से जुड़ सकें। उनके अनुसार राजधानी में जिस तेजी से गौप्रेमियों का समर्थन मिल रहा है, उससे अभियान को नई ऊर्जा मिली है और आगामी चरण को सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भोपाल से 5 लाख गौप्रेमी, गौभक्त सनातनियों के हस्ताक्षर का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान चलाए जा रहे हैं। गो सम्मान आह्वान अभियान की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि पूरे देश में यह केवल आम सनातनी जनमानस और साधु-संतजनों के मार्गदर्शन में चल रहा है। इसमें कोई राजनीतिक पार्टी, एनजीओ व अन्य किसी तरह का संगठन शामिल नहीं है। इसकी संरक्षक स्वयं गौमाता हैं और अध्यक्ष नंदी भगवान हैं। इसके लिए कोई आर्थिक डोनेशन नहीं मांगा जा रहा है। डोनेशन मांगने की शिकायत की जा सकती है। अभियान का प्रचार-प्रसार गौभक्त, गौप्रेमी सनातनी अपनी सामथ्र्य के अनुसार कर रहे हैं। वे स्वेच्छा से बैनर, पोस्टर, पंपलेट आदि प्रकाशित कराकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इस तरह का प्रयास सभी सनातनी कर सकते हैं। विनोद / 02 जून 26