बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में बिजली विभाग के मेंटेनेंस कार्यों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि विभाग मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना चार से पांच बार बिजली आपूर्ति बंद कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई सुधार नजर नहीं आ रहा। जर्जर ट्रांसफार्मर, लटकते तार और अव्यवस्थित विद्युत संरचना आज भी लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है। शहर के कुदुदण्ड स्थित चांदनी चौक में लगा 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर के आसपास तारों का जाल फैला हुआ है और कई जगह बिजली के तार नाली के पानी तक पहुंच जाते हैं। इससे हादसे की आशंका लगातार बनी रहती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले भी करंट की चपेट में आने से एक पशु की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई मोहल्लेवासियों ने बताया कि 10 फरवरी को नेहरू नगर स्थित बिजली वितरण कंपनी के कार्यालय में लिखित शिकायत देकर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की थी। विभागीय अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर शिफ्ट किया गया और न ही मौके का निरीक्षण किया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सडक़ चौड़ीकरण और नाली निर्माण के बाद ट्रांसफार्मर सडक़ के बेहद करीब आ गया है। जिस पोल पर ट्रांसफार्मर स्थापित है, उसका निचला हिस्सा नाली के किनारे स्थित है। ऐसे में तेज आंधी-तूफान के दौरान किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित निवासियों का आरोप है कि शहर में शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जब बिजली बाधित न हो। सुबह से लेकर रात तक कई बार बिजली बंद होने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। व्यापार, पढ़ाई और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन न तो जर्जर ट्रांसफार्मर बदले जा रहे हैं और न ही लटकते तारों को व्यवस्थित किया जा रहा है। शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अधिकांश मामलों में कार्रवाई नहीं होती या शिकायतों को बिना समाधान के बंद कर दिया जाता है। 315 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग मोहल्लेवासियों ने वर्तमान 200 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 315 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित करने की मांग की है। जनप्रतिनिधियों को सौंपा ज्ञापन समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रवासियों ने शहर विधायक अमर अग्रवाल, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू तथा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ये रहे उपस्थित ज्ञापन सौंपने वालों में पवन सोनी, ईश्वर तिवारी, विजय कश्यप, पंकज, सुरेश चंद्रा, राजू मराठा, किशोर श्रीवास, ओमप्रकाश श्रीवास, रवि श्रीवास, सुनील कश्यप, मनोहर वासिंग, रमेश शर्मा, उमेश भारद्वाज, रामकुमार दुबे, ईश्वर सोनी, मनमोहन कश्यप, जमुना सोनी, सीमा चंद्रवंशी, बीना चंद्रवंशी, नीरज शर्मा, दीपक शर्मा, आदर्श तिवारी, भोगीराम यादव, कैलाश सोनी, सुरेंद्र दुबे और राधे मरावी सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी शामिल रहे। - 02 जून 2026