- दिनभर चली कार्रवाई में कई निर्माण जमींदोज बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने रविवार को व्यापक अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही, जिसमें अवैध कॉलोनी विकास, शासकीय भूमि पर किए गए निर्माण और नियमों के विपरीत खड़े किए गए मकानों को ध्वस्त किया गया। सैदा रोड पर अवैध कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई सैदा रोड स्थित लगभग साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर निगम की टीम ने कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने कॉलोनी विकास से जुड़े निर्माण और संरचनाओं को हटाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि बिना वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शासकीय भूमि पर बना मकान तोड़ा गया वार्ड क्रमांक 1 में बिजली ऑफिस रोड स्थित शासकीय भूमि पर निर्मित मकान के खिलाफ भी निगम ने कार्रवाई की। निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। उसलापुर में पांच अवैध निर्माण ध्वस्त उसलापुर क्षेत्र में साईं आनंदम के समीप विकसित हो रहे अवैध निर्माणों पर भी निगम का बुलडोजर चला। यहां अवैध कॉलोनी के रूप में विकसित किए जा रहे पांच निर्माणों को तोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित क्षेत्र में पूर्व में भी निगम ने चेतावनी दी थी तथा अवैध निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद निर्माण गतिविधियां जारी रहीं। अमन विहार क्षेत्र में भी कार्रवाई अमन विहार के सामने किए गए अवैध निर्माण पर भी निगम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण की नींव और संरचनात्मक हिस्सों को हटाया। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध निर्माणकर्ताओं में मचा हडक़ंप एक ही दिन में शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुई कार्रवाई से अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग से जुड़े लोगों में हडक़ंप की स्थिति देखी गई। निगम की कार्रवाई ने यह संकेत दिया है कि बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों, शासकीय भूमि पर कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ अब सख्त रुख अपनाया जाएगा। पहले चेतावनी, फिर कार्रवाई स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर निगम द्वारा पूर्व में चेतावनी दी गई थी और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। नगर निगम की इस कार्रवाई को शहर में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ अब तक के बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है। मनोज राज 02 जून 2026