02-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। खरीफ सीजन 2026 को देखते हुए जिले में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा प्रतिदिन खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। जिले की 114 सहकारी समितियों तथा निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले को खरीफ सीजन 2026 के लिए 68,950 टन रासायनिक उर्वरकों का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध अब तक 46,780 टन से अधिक उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 60.28 प्रतिशत है। वहीं किसानों को अब तक 19,912 टन से अधिक उर्वरकों का वितरण भी किया जा चुका है। 41 हजार टन से अधिक खाद उपलब्ध जिले में वर्तमान में कुल 41,560 टन उर्वरकों का भंडार उपलब्ध है। इनमें यूरिया 22,996 टन, डीएपी 5,621 टन, एनपीके 6,808 टन, एसएसपी 4,981 टन, एमओपी 1,155 टन है। शामिल हैं। कृषि विभाग द्वारा उर्वरक कंपनियों से लगातार अतिरिक्त रैक मंगाकर भंडारण क्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी नजर कृषि विभाग के अधिकारियों को सहकारी समितियों और निजी विक्रेताओं के यहां नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमित वितरण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा मांग और आपूर्ति की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। किसानों से की गई अपील जिला प्रशासन ने किसानों से अधिकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत की जानकारी तत्काल कृषि विभाग को देने कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि जिले में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता है और खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। - 02 जून 2026