वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय, पेंटागन ने पत्रकारों के लिए अपने प्रेस कार्यालय में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, इस अब गोपनीय क्षेत्र घोषित किया है। यह कदम मीडिया की पहुंच सीमित करने की दिशा में एक और बड़ा फैसला है। पेंटागन के कार्यवाहक प्रेस सचिव जोएल वाल्डेज ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि इसमें कुछ भी विवादास्पद नहीं है। वाल्डेज ने बताया कि युद्ध सचिव के कार्यालय के भाषण लेखकों द्वारा इस कार्यालय का उपयोग किए जाने के कारण इसे संवेदनशील गोपनीय सूचना क्षेत्र के रूप में नामित किया गया है। उनके अनुसार, ये भाषण लेखक नियमित रूप से गोपनीय सामग्री संभालते हैं, जिसके चलते पत्रकारों को अब यहां प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम अमेरिकी मीडिया और प्रशासन के बीच बढ़ते तनाव की नवीनतम कड़ी है, जिसकी झलक सार्वजनिक मंचों के साथ-साथ अदालतों में भी अक्सर देखने को मिली है। इस नए प्रतिबंध ने अमेरिका में प्रेस की स्वतंत्रता और सरकारी पारदर्शिता को लेकर बहस छेड़ दी है। आशीष दुबे / 02 जून 2026