03-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में अभिनेत्री पूजा भट्ट के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बॉलीवुड के प्रसिद्ध फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी ने सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ किए गए कुछ यादगार फोटोशूट के अनुभव साझा किए, जिन्हें सुनकर प्रशंसक भी हैरान रह गए। बातचीत के दौरान डब्बू रत्नानी ने बताया कि शाहरुख खान के साथ उनके कई प्रतिष्ठित फोटोशूट मुंबई स्थित अभिनेता के बंगले ‘मन्नत’ और विभिन्न स्टूडियो में हुए हैं। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सहजता और स्वाभाविक व्यक्तित्व है। कैमरे के सामने वे किसी कृत्रिम अंदाज की बजाय अपने वास्तविक भावों के साथ नजर आते हैं, जिससे तस्वीरें और अधिक जीवंत बन जाती हैं। डब्बू ने याद करते हुए बताया कि एक बार शाहरुख उनके पालतू कुत्ते ‘फ्लैश’ के साथ खेल रहे थे। उसी दौरान उन्होंने कुछ तस्वीरें खींचीं, जो बाद में बेहद लोकप्रिय हुईं। उनके अनुसार उन तस्वीरों में अभिनेता का स्वाभाविक और खुशमिजाज व्यक्तित्व साफ दिखाई देता था। डब्बू रत्नानी ने एक और रोचक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि शाहरुख खान का एक मशहूर फोटोशूट पूरी तरह कबाड़ के टायरों से प्रेरित था। उन्होंने कहा कि एक दिन वह अपनी कार के टायर बदलवाने के लिए एक दुकान पर गए थे, जहां उन्होंने पुराने और बेकार टायरों का बड़ा ढेर देखा। उन टायरों को देखकर उनके मन में एक अलग तरह का फोटोशूट करने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने दुकान से करीब 200 पुराने टायर मंगवाए और उन्हें महबूब स्टूडियो पहुंचाकर एक विशेष सेट तैयार कराया। इसी सेट पर शाहरुख खान का फोटोशूट किया गया, जो बाद में उनकी सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित तस्वीरों में शामिल हो गया। पॉडकास्ट के दौरान पूजा भट्ट ने भी इस बात का उल्लेख किया कि डब्बू रत्नानी की तस्वीरों में शाहरुख खान का व्यक्तित्व कुछ अलग ही नजर आता है। इस पर डब्बू ने कहा कि वह हमेशा कलाकारों की वास्तविक भावनाओं और व्यक्तित्व को कैमरे में कैद करने का प्रयास करते हैं। उनके अनुसार शाहरुख खान जैसे सहज और ऊर्जावान कलाकार के साथ काम करना हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी शाहरुख कैमरे के सामने होते हैं, तो वे किसी अभिनय की बजाय उस पल को जीते हैं और यही बात उनकी तस्वीरों को खास बना देती है। बता दें कि फोटोग्राफर डब्बू रत्नानी अपनी रचनात्मक सोच और अभिनव फोटोग्राफी शैली के लिए जाने जाते हैं। पिछले कई वर्षों से वे फिल्मी सितारों के ऐसे फोटोशूट करते आ रहे हैं, जो न केवल आकर्षक होते हैं बल्कि अपने पीछे एक दिलचस्प कहानी भी समेटे रहते हैं। सुदामा/ईएमएस 03 जून 2026