03-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। वर्ष 1979 में बनी फिल्म ‘नसीब’ में हिंदी सिनेमा के महान पार्श्वगायक मोहम्मद रफी और अभिनेता अमिताभ बच्चन ने एक गाना ‘चल चल मेरे भाई, तेरे हाथ जोड़ता हूं’ मिलकर गाया है। इस गाने को दर्शकों ने काफी पसंद भी किया। गाने को लेकर एक यादगार प्रसंग अब सामने आया है, जो काफी दिलचस्प है। इस गाने की रिकार्डिंग को लेकर फिल्म के संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने अमिताभ बच्चन को सूचना दी कि अगले दिन उन्हें रिकॉर्डिंग स्टूडियो में समय पर पहुंचना है, क्योंकि वहां मोहम्मद रफी के साथ गीत रिकॉर्ड किया जाएगा। यह खबर सुनने के बाद अमिताभ बच्चन बेहद उत्साहित होने के साथ-साथ भावुक भी हो गए। बताया जाता है कि उस रात वह ठीक से सो भी नहीं पाए। उनके मन में लगातार यही विचार चलता रहा कि जिस गायक की आवाज सुनते हुए उन्होंने बचपन बिताया, आज उन्हीं के साथ उन्हें गाना गाने का अवसर मिलने जा रहा है। अगले दिन जब सभी कलाकार और तकनीशियन स्टूडियो पहुंचे तो अमिताभ बच्चन सामान्य से अधिक शांत दिखाई दे रहे थे। उनकी झिझक और गंभीरता को देखकर मोहम्मद रफी स्वयं उनके पास पहुंचे और परेशानी का कारण पूछा। इस पर अमिताभ ने सम्मानपूर्वक कहा कि वह बचपन से उनके गीत सुनते आए हैं और उन्हें अपने लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं मानते। उन्होंने स्वीकार किया कि महान गायक के साथ गाने की कल्पना भर ने उन्हें पूरी रात सोने नहीं दिया। अमिताभ की बात सुनकर मोहम्मद रफी मुस्कुराए और बड़े स्नेह के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने उन्हें सहज रहने की सलाह दी और आत्मविश्वास के साथ गाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद दोनों कलाकारों ने मिलकर गीत रिकॉर्ड किया, जो बाद में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। कहा जाता है कि रिकॉर्डिंग के बाद मोहम्मद रफी ने भी अपने परिवार के साथ इस अनुभव को साझा करते हुए खुशी जताई थी। फिल्म ‘नसीब’ के इस गीत की एक और रोचक बात यह थी कि पर्दे पर इसके फिल्मांकन के दौरान अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर को नशे में धुत पात्रों की तरह अभिनय करना था। शुरुआत में तय कोरियोग्राफी दोनों कलाकारों को सहज नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने निर्देशक मनमोहन देसाई से स्वयं अपने अंदाज में दृश्य करने की अनुमति मांगी। दोनों की स्वाभाविक अदाकारी और आपसी तालमेल निर्देशक को इतना पसंद आया कि उसी प्रस्तुति को अंतिम रूप दे दिया गया। मोहम्मद रफी ने अपने करियर में अमिताभ बच्चन पर फिल्माए गए कई यादगार गीतों को आवाज दी। उनकी गायकी और अमिताभ की दमदार स्क्रीन उपस्थिति ने कई गीतों को दर्शकों के दिलों में स्थायी जगह दिलाई। सुदामा/ईएमएस 03 जून 2026