रायगढ़(ईएमएस)। शादी का कार्ड लेने खरसिया पहुंचे एक युवक से तीन युवकों ने 35 हजार रुपये लूट लिए। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला खरसिया चौकी क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सक्ती जिले के ग्राम सिंघरा निवासी 30 वर्षीय संजय सिंह सिदार ने खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह शादी का कार्ड लेने और एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने खरसिया आया था। एटीएम से 35 हजार रुपये निकालने के बाद वह एक शराब दुकान पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात खंतीपार पुरानी बस्ती निवासी छोटू उर्फ विक्की चौहान (22) से हुई। शिकायत के मुताबिक विक्की ने उसे बाइक से छोड़ने की बात कही। इसके बाद संजय अपनी बाइक से विक्की को लेकर बंधवा तालाब के पास पीपल पेड़ के निकट पहुंचा, जहां पहले से द्वारिका चौहान (24) और राहुल सिदार (19) मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने मिलकर संजय को धमकाया और उसके पास मौजूद 35 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी अटल आवास की ओर भाग निकले। घटना से डरे संजय ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी और बाद में सोमवार को खरसिया चौकी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि लूट की रकम में से 32,500 रुपये शराब और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शेष 2,500 रुपये नकद और घटना से जुड़े दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 जून 2026