क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक बेहद निंदनीय मामला सामने आया है। मायके आई 29 वर्षीय विवाहित महिला के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला अपने ससुराल से मायके आई हुई थी। वह घर से कुछ दूरी पर स्थित बोरबाड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान ग्राम तरेकेला निवासी बनेश्वर राठिया (25) ने उसे रास्ते में रोका और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने महिला को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। भय और सदमे के कारण पीड़िता तुरंत किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। जब वह अपने ससुराल वापस लौटी, तब उसने पूरा मामला अपने पति को बताया। पति की सलाह पर महिला धरमजयगढ़ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी के घर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत छापा मारकर बनेश्वर राठिया को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले किसी भी अपराध को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा, “ऐसे मामलों में सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को सख्त कानूनी सजा दिलाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। - (ईएमएस)03 जून 2026