सक्ती(ईएमएस)। जिले में उगाही, धमकी और आगजनी के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों पर एक फोटोकॉपी दुकान संचालक से जबरन पैसे वसूलने, धमकी देने और बाद में उसकी मोटरसाइकिल में आग लगाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार राम मंदिर रोड, वार्ड क्रमांक 7 निवासी अंकित अग्रवाल (35) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी यश ठारवानी उर्फ कंचू (25) और लीलाधर यादव उर्फ बाबा (21) लगातार उनकी फोटोकॉपी दुकान पर आकर उगाही कर रहे थे। शिकायत के मुताबिक डर के कारण पीड़ित ने पहले आरोपियों को 1000 रुपये दिए थे, लेकिन इसके बाद भी वे बार-बार पैसे मांगते रहे और जान से मारने तथा आग लगाने की धमकी देते रहे। पीड़ित ने बताया कि 30 मई को वह इलाज के सिलसिले में रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके घर पहुंचकर बाहर खड़ी होंडा शाइन बाइक (CG 11 AX 7944) में आग लगा दी। इस घटना में बाइक पूरी तरह जल गई और करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्ती पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 300 रुपये नकद बरामद किए हैं, जिसे घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में यश ठारवानी उर्फ कंचू और लीलाधर यादव उर्फ बाबा शामिल हैं, जो सक्ती के वार्ड क्रमांक 8 स्थित संतोषी मंदिर के सामने के निवासी बताए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। - (ईएमएस)03 जून 2026