- महायुति ने 17 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में विधान परिषद की 17 सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। महायुति ने सभी 17 सीटों पर अपने आधिकारिक उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं, महाविकास आघाड़ी (एमवीए) ने भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। ऐसे में यह चुनाव निर्विरोध होने की संभावना समाप्त हो गई है और कई क्षेत्रों में सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। आपको बता दें कि राज्य निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 25 मई को अधिसूचना जारी की गई थी। इन 17 सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 22 जून को की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 1 जून थी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 2 जून को हुई। उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 4 जून निर्धारित की गई है। * महायुति में सीटों का बंटवारा भाजपा– 11 सीटें, शिवसेना (शिंदे गुट)– 4 सीटें एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट)– 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दूसरी ओर महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस– 8 सीटें, शिवसेना (ठाकरे)– 6 सीटें एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार)– 3 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है। * महायुति के 17 अधिकृत उम्मीदवार महायुति ने जिन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, उनके नाम इस प्रकार है- निर्वाचन क्षेत्र उम्मीदवार नागपुर- डॉ. राजीव भास्करराव पोतदार भंडारा-गोंदिया- अविनाश आनंदराव ब्राह्मणकर वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली-अरुण हनुमंत लखानी अमरावती- प्रवीण रामचंद्र पोटे सोलापुर- राजेंद्र विठ्ठल राऊत अहमदनगर-प्राजक्त प्रसादराव तनपुरे जलगांव- नंदकिशोर भागवत महाजन सांगली-सातारा धैर्यशील ज्ञानदेव कदम नांदेड़- अमरनाथ अनंतराव राजूरकर उस्मानाबाद-लातूर-बीड-बसवराज माधवराव पाटील औरंगाबाद-जालना-सुहास त्र्यंबकराव शिरसाठ ठाणे- रविंद्र सदानंद फाटक यवतमाल- दुष्यंत सतीश चतुर्वेदी परभणी-हिंगोली- सईद शेरगुल खान नासिक- नरेंद्र भिकाजी दराडे रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग- अनिकेत सुनील तटकरे पुणे- विक्रम संजय काकड़े * दिलचस्प होगा मुकाबला महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों के सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने के फैसले के बाद विधान परिषद चुनाव का मुकाबला काफी रोचक हो गया है। स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों द्वारा चुने जाने वाले इन चुनावों को आगामी स्थानीय और विधानसभा राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बहरहाल अब सभी की निगाहें 18 जून को होने वाले मतदान और 22 जून को आने वाले परिणामों पर टिकी हैं। - ०३ जून/२०२६/ईएमएस