राज्य
13-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर अग्निकांड और साकेत इमारत ढहने के मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने आपदा में बचाव कार्य करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शीघ्र और पारदर्शी राहत वितरण के निर्देश दिए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित विशेष और भावुक कार्यक्रम में मालवीय नगर (हौजरानी) में हुए भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) में हुई दर्दनाक इमारत ढहने की दुर्घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की रक्षा करने वाले साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को 21,000 रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय और छतरपुर के विधायक करतार सिंह तंवर भी उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गद्दे बिछाकर कई लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026