बिलासपुर (ईएमएस)। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकांश मामलों में कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी और संयुक्त कलेक्टर अभिषेक दीवान ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में विभिन्न पंचायतों और नगर क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, आवास, बिजली, ऋण, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। ग्राम पंचायत कर्रा के सरपंच ने शासकीय भूमि पर प्रस्तावित तालाब निर्माण स्थल से अतिक्रमण हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा तार फेंसिंग कर तालाब निर्माण के लिए चिन्हित भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। वहीं सकरी क्षेत्र के दिव्यांग शिव कुमार कुर्रे ने बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आवेदन दिया, ताकि उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके। घुटकू पंचायत के ग्रामीणों ने लोनियापारा को वर्तमान निरतु फीडर से हटाकर घुटकू फीडर से जोडऩे की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या दूर होगी। इसके अलावा चिंगराजपारा निवासी सौरभ रजक ने सब्जी मंडी में चबूतरा आवंटन की मांग की, जबकि सरसेनी निवासी गोवर्धन सिंह जगत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने का अनुरोध किया। जनदर्शन में बैंक ऋण, सडक़ मार्ग अवरोध, स्कूल और आंगनबाड़ी के पास संचालित मुर्गी दुकान को हटाने सहित कई अन्य आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में प्रमुख मांगें * तालाब निर्माण स्थल से अतिक्रमण हटाने की मांग * दिव्यांग को बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध * बिजली आपूर्ति सुधारने फीडर परिवर्तन की मांग * सब्जी मंडी में चबूतरा आवंटन की मांग * प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आवेदन इन मामलों पर भी पहुंची शिकायतें * बैंक ऑफ बड़ौदा से नया ऋण स्वीकृत कराने की मांग * स्कूल और आंगनबाड़ी के पास मुर्गी दुकान हटाने की मांग * भूमि के सामने निर्माण कर रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत * ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े आवेदन * विभिन्न विभागों से संबंधित व्यक्तिगत समस्याएं कलेक्टर के निर्देश * सभी आवेदनों की प्राथमिकता से जांच की जाए * पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए * सामुदायिक समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए * संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें * शिकायतों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। संजय अग्रवाल, कलेक्टर, बिलासपुर मनोज राज 03 जून 2026