-जी. परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री, 13 मंत्रियों ने भी संभाली जिम्मेदारी -कांग्रेस ने एकजुटता का दिया संदेश बेंगलुरु,(ईएमएस)। कर्नाटक की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए डीके शिवकुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उन्होंने हाथ में संविधान की प्रति लेकर पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ 13 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस नेतृत्व ने इसे राज्य के विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। शपथ ग्रहण समारोह में जी परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले राज्य में एक से अधिक उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने फिलहाल परमेश्वर को ही यह जिम्मेदारी सौंपी है। नई मंत्रिपरिषद में कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में के.एच. मुनियप्पा, के.जे. जॉर्ज, एम.बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियंक खड़गे, यू.टी. खादर, ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, यरथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल सहित अन्य शामिल हैं। नई सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र यतींद्र सिद्धारमैया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियंक खड़गे को भी मंत्री बनाया गया है। इसे कांग्रेस नेतृत्व और संगठन के बीच संतुलन बनाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। सोनिया गांधी ने शिवकुमार को दी बधाई शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने फोन पर डीके शिवकुमार को बधाई दी। पार्टी नेताओं ने भी उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और राज्य में कांग्रेस को सत्ता तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समारोह में शामिल होने पहुंचे मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यख जीतू पटवारी ने कहा कि डीके शिवकुमार ने संगठन और सरकार के बीच समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है। उन्होंने यह भी कहा कि शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच सहयोग की भावना लोकतांत्रिक राजनीति में आपसी सम्मान और सामूहिक नेतृत्व की मिसाल है। हिदायत/ईएमएस 03जून26