क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गठित उडऩदस्ता दल जिलेभर में लगातार निरीक्षण और छापेमार कार्रवाई कर रहा है। हाल के दिनों में मल्हार और सेन्दरी क्षेत्र में की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त कर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। विकासखंड मस्तूरी के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार की जांच के दौरान यूरिया, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का अवैध भंडारण पाया गया। जांच दल ने मौके पर खाद जब्त कर लिया और प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी तरह सेन्दरी स्थित मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर में रात के समय छापेमारी कर छिपाकर रखी गई खाद बरामद की गई। जांच में अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर खाद जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। कृषि विभाग ने बताया कि जिलेभर में खाद के भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी सहकारी समितियों को अवकाश दिवस सहित शनिवार और रविवार को भी खुले रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीफ सीजन के लिए जिले को 68 हजार 950 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य मिला है। इसके विरुद्ध अब तक 46 हजार 780 मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण किया जा चुका है। वहीं किसानों को लगभग 19 हजार 913 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण भी किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी सहित सभी प्रमुख उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कहां-कहां हुई कार्रवाई * मल्हार के अग्रवाल खाद भंडार में अवैध भंडारण मिला * यूरिया, एनपीके और एसएसपी खाद जब्त * सेन्दरी के बंसल फर्टिलाइजर में रात में छापेमारी * खाद जब्त कर गोदाम को किया गया सील * कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू जिले में खाद की वर्तमान स्थिति** विवरण-मात्रा खरीफ सीजन का लक्ष्य - 68,950 मीट्रिक टन अब तक भंडारण - 46,780 मीट्रिक टन किसानों को वितरण - 19,913 मीट्रिक टन पिछले साल से अधिक भंडारण - 10,711 मीट्रिक टन किसानों के लिए प्रशासन की अपील 0 केवल पंजीकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद खरीदें। 0 खाद-बीज खरीदते समय रसीद अवश्य लें। 0 खाद की कमी संबंधी अफवाहों पर ध्यान न दें। 0 नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, हरी खाद और नील-हरित काई के उपयोग को अपनाएं। 0 किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत कृषि विभाग को दें। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संजय अग्रवाल, कलेक्टर, बिलासपुर मनोज राज 03 जून 2026