क्षेत्रीय
03-Jun-2026
...


- नेटवर्क सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियो के नाम आये सामने भोपाल(ईएमएस)। एसटीएफ भोपाल टीम द्वारा कथित कफ-सिरप कांड का राजफाश कर करोड़ो का माल पकड़ने के साथ ही गिरफ्तार आरोपियो को आगे की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया था। बाद में मुख्य आरोपी अकील खान और आकाश भाटी की पुलिस रिमांड अदालत ने दो दिन और बढ़ा दी। एसटीएफ ने कोर्ट को बताया कि मामले में अभी और पूछताछ व अहम रिकवरी बाकी है। रिमांड पर चल रहे दोनो आरोपियों से एसटीएम को उनके नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियो की अहम जानकारी मिली है। तीनों आरोपी एसटीएफ की कार्यवाही की भनक लगते ही गिरफ्तारी से बचने अपने-अपने ठिकानों से फरार हो गए हैं। इन फरार आरोपियो की सूचना देने पर एडीजी एसटीएफ डी. श्रीनिवास वर्मा की तरफ से तीस-तीस हजार रुपए का ईनाम घोषित किया गया है। - कफ-सिरप की सप्लाई नेटवर्क चैन से जुड़े है फरार आरोपी एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने तीनों आरोपियों की जानकारी देते हुए बताया की उनके नाम राहुल उर्फ अर्जुन मालवीय, निखिल उर्फ नितिन साहू और सलमान उर्फ बाबू भाई सामने आये हैं, फिलहाल तीनो ही पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं, उनकी तलाश में दो टीम जुटी हुई है। तीनो भोपाल शहर के अलग-अलग इलाको के रहने वाले हैं। इन तीनों के पास कफ सिरप की सप्लाई चेन और उसके नेटवर्क को संभालने का जिम्मा था। आरोपी गांधी नगर स्थित पटेल सिटी और परवलिया सड़क स्थित मुबारकपुर में रीपैकेजिंग और रिमिक्संग माल को सप्लाई करने का काम देखते थे। आगे की छानबीन करते हुए एसटीएफ ने गिरोह के वित्तीय लेन-देन और उनके खातों को भी खंगालने का काम शुरु कर दिया है। ट्रांजेक्शन चैन के जरिये से गिरोह के लोकल नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। एसटीएफ सूत्रों की माने तो इस गिरोह से जुड़े करीब पांच अन्य लोगों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आ रही है। जिनके सबंध में एसटीएफ पुख्ता जानकारी जुटा रही है। - अब तक डेढ़ करोड़ का माल हो चुका है बरामद जानकारी के मुताबिक एसटीएफ ने परवलिया सड़क थाना क्षेत्र स्थित मुबारकपुर के मकान से ऑफ कप कोडिन युक्त सिरप की 22,155 शीशी बरामद की थी। वहीं ऑनरेक्स कफ सिरप की 970 शीशी बरामद की गई थी। यह माल पांच दिन की रिमांड पर चल रहे आरोपी अकील खान और आकाश भाटी से हुई पूछताछ के बाद मिला था। जिस मकान से माल बरामद किया गया वह अकील खान का है। बरामद माल करीब 50 लाख रुपए का था। इससे पहले एसटीएफ ने 28-29 मई की दरमियानी रात गांधी नगर स्थित पटेल सिटी से करीब एक करोड़ रुपए का माल एसटीएफ ने बरामद किया था। इस मकान को आकाश भाटी ने एक साल से किराए पर लिया था। यहां से एसटीएफ को नशीली और ड्रग लायसेंस न होने के बावजूद रीपैक होकर लेबल लगाकर सप्लाई के लिए भेजी जानी वाली 49,920 शीशी बरामद की थी। पुलिस ने यहॉ से तीन नाबालिग समेत राजगढ़ और सीहोर जिले में रहने वाले दस आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिसमें आकाश भाटी, चंद्रपाल मोंगिया, धान सिंह, हरिओम मोंगिया, नरेश भाटी, अजय मोंगिया और अकील खान परवलिया सड़क भोपाल में रहता है। एसटीएफ अभी तक दो खेप में 73 हजार से अधिक सिरप की शीशी बरामद कर चुकी हैं। जुनेद / 3 जून