- तकनीकी जांच, साइबर ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र के दम पर पुलिस की बड़ी सफलता - देशी कट्टा, कारतूस, लूटे गए आभूषण और मोबाइल बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी बिलासपुर (ईएमएस)। कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। दिनदहाड़े बाजार में व्यापारी को गोली मारकर सोना-चांदी से भरा बैग लूट लेने वाले बदमाशों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। लेकिन महज दस दिनों के भीतर पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि वारदात कोई आकस्मिक अपराध नहीं, बल्कि कई दिनों की रेकी और सुनियोजित साजिश का परिणाम थी। लूट का विरोध करने पर व्यापारिक गतिविधियों पर नजर रख रहे आरोपियों ने व्यापारी को गोली मार दी और लाखों के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार 26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी अपनी दुकानदारी कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनके पास मौजूद सोना-चांदी से भरे बैग को लूटने की कोशिश की। प्रदीप ने जब विरोध किया तो छीना-झपटी के बीच आरोपियों ने अवैध हथियार से गोली चला दी। गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्य, साइबर विश्लेषण और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ में मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू एवं बिहार-झारखंड के परिचित राहुल और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। सीपत क्षेत्र में भी ठहरकर सराफा कारोबारियों पर रख रहे थे नजर जांच में यह भी सामने आया कि बिहार से आए आरोपी घटना से तीन दिन पहले अकलतरा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और सीपत क्षेत्र में ठहरकर बाजारों में सर्राफा कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने पहले से तय योजना के तहत व्यापारी को निशाना बनाया था। देवरीखुर्द में लूटे गए आभूषणों का किया बंटवारा घटना के बाद आरोपी देवरीखुर्द क्षेत्र पहुंचे, जहां लूटे गए सोना-चांदी के आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी क्षेत्र से वारदात में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषणों का हिस्सा तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आभूषणों की पैकिंग सामग्री भी जला दी थी। अन्य आरोपियों की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपी - खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर - राजाराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर - गयाप्रसाद रजक, निवासी करौंदानार, देवरीखुर्द, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बरामद सामग्री - एक देशी कट्टा - दो जिंदा कारतूस - लूटे गए आभूषणों का हिस्सा - तीन मोबाइल फोन इनकी रही अहम भूमिका इस चर्चित हत्याकांड को सुलझाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, एसडीओपी मरवाही राजेश देवांगन, एसडीओपी पेंड्रा श्याम सिदार, जिला साइबर सेल, बिलासपुर विशेष टीम तथा बिलासपुर परिक्षेत्र की विभिन्न पुलिस इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते पुलिस को इस संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता मिली। - 03 जून 2026