ट्रेंडिंग
04-Jun-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज, पांच दिवसीय दौरे पर भारत पहुंची हैं, भारत पहुंचकर उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विस्तृत और व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार किया। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बैठक की जानकारी देकर बताया कि विशेष रूप से ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवाएं और ऑटोमोबाइल उद्योग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के नए मौकों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। दोनों देशों ने इस बात पर जोर दिया कि आर्थिक और तकनीकी साझेदारी को और मजबूत करे, ताकि दोनों देशों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकें। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जाहिर की कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों की भूमिका और आपसी सहयोग को और सुदृढ़ करना जरुरी है। बैठक में ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों के हितों को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों नेताओं ने माना कि आर्थिक स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों पर विकासशील देशों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। इसके पहले, रोड्रिगेज ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद जयशंकर ने लिखा था कि वे नई दिल्ली में डेल्सी रोड्रिगेज से मिलकर प्रसन्न हैं और भारत-वेनेजुएला रिश्तों को मजबूत करने में उनके लंबे समय से चले आ रहे योगदान की सराहना करते हैं। वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति बुधवार को अपने पांच दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंची थीं। इस दौरे का मुख्य मकसद दोनों देशों के संबंधों को और गहरा करना और साझेदारी में नई गति लाना है। भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा और निवेश क्षेत्र में एक लंबी और मजबूत साझेदारी रही है। भारतीय सरकारी कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश किया है और भविष्य में भी सहयोग बढ़ाने की व्यापक संभावनाओं पर काम चल रहा है। आशीष दुबे / 04 जून 2026