चार करोड़ रुपये से अधिक का पड़ा एक विकेट मुम्बई (ईएमएस)। इंडियनप प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19 वें सत्र में मुंबई इंडियंस के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी टीम के लिए बेहद महंगे साबित हुए। बुमराह का मुम्बई ने 18 करोड़ रुपये वेतन पर बरकरार रखा था लेकिन वह असफल रहे और केवल 4 विकेट ही ले पाये। इससे मुम्बई का प्रदर्शन भी खराब हुआ और वह नौवें स्थान पर रही। टीम 14 में से केवल 4 मैच ही जीत पाई। बुमराह टीम के मुख्य तेज गेंदबाज थे पर उनके वह पूरे सत्र में लय में नहीं दिखे। ऐसे में बुमराह का एक-एक विकेट टीम को साढ़े चार करोड़ रुपये का पड़ा। बुमराह से जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी हुआ ठीक उसके विपरीत। वह पूरे सत्र में संघर्ष करते दिखे और विकेट के लिए तरसते नजर आए। उन्होंने इस सत्र में कुल 13 मैच खेले पर उन्हें सिर्फ चार ही विकेट मिले। शुरुआती कई मैचों में तो उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। बुमराह को इस सीजन के लिए 18 करोड़ रुपये का भुगतान किया था, पर उनका प्रदर्शन उन्हें मिल रहे वेतन के बिलकुल विपरीत रहा। उनके लिए चार विकेटों को देखा जाये तो हर विकेट चार करोड़ रुपये से अधिक का पड़ा। यह शायद आईपीएल इतिहास में किसी प्रमुख खिलाड़ी की टीम को हुआ सबसे अधिक नुकसान है। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में इतने कम विकेट किसी भी सत्र में नहीं लिए, जब उन्होंने 5 या उससे ज्यादा मैच खेले हों। हालांकि, 2014 में अपने शुरुआती करियर में उन्हें 11 मैचों में 5 विकेट मिले थे, लेकिन तब वह एक युवा और अनुभवहीन गेंदबाज थे। आंकड़ों पर ध्याने दें तो बुमराह ने आईपीएल 2026 में 13 मैचों में कुल 294 गेंदें फेंकीं और उन पर 410 रन दिये जबकि उन्हें सिर्फ 4 विकेट मिले। उनका गेंदबाजी औसत 102.50 का रहा और स्ट्राइक रेट 73.50 का। इसका मतलब है कि उन्होंने एक विकेट लेने के लिए औसतन 73 से अधिक गेंदें फेंकीं। पूरे सीजन में वह एक बार भी दो विकेट हॉल हासिल नहीं कर पाये। गिरजा/ईएमएस 05 जून 2026